![]() |
#श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार को ऐतिहासिक क्षण देखने को मिलेगा, जब भारतीय वायु सेना का प्रतिष्ठित लड़ाकू विमान Mikoyan-Gurevich MiG-21 (मिग-21) यहां पहुंचेगा। दोपहर करीब 12 बजे चार ट्रकों में सवार होकर यह विमान श्रीडूंगरगढ़ घुमचक्कर पहुंचेगा, जहां बड़ी संख्या में देशप्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और शहीद समारोह समिति के सदस्यों द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
मिग-21 को शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी की स्मृति और सम्मान में उनके पैतृक गांव बिग्गाबास रामसरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थापित किया जाएगा। यह विमान श्रीडूंगरगढ़ से वाया रीड़ी होते हुए गांव पहुंचेगा। गांव में भी इसके स्वागत और स्थापना को लेकर उत्साह का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि मिग-21 ने लगभग 60 वर्षों तक देश की सेवा की और सितंबर 2025 में इसे सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त किया गया। केंद्रीय मंत्री Arjun Ram Meghwal के विशेष सहयोग से यह स्थापना संभव हो पाई है। शहीद के भाई सीताराम सियाग सहित परिजनों ने इसके लिए आभार जताया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2006 में गांव में भारत का पहला टैंक Vijayanta भी स्थापित किया गया था, जो आज भी युवाओं को सेना और साहस के प्रति प्रेरित करता है। बाद के वर्षों में अन्य सैन्य प्रतीकों की स्थापना से गांव में देशभक्ति का वातावरण और प्रबल हुआ है।
मिग-21 की स्थापना से क्षेत्र में गौरव और प्रेरणा का नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।
