![]() |
| ट्रैक्टर की चपैट में आने से बालक हुआ गम्भीर घायल |
पीबीएम के ट्रोमा सेन्टर में कराया भर्ती
बीकानेर। बीकानेर जिले में लूणकरणसर उपखंड क्षेत्र के रोझा गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने परिजनों के साथ ट्रैक्टर पर मृत पशु उठाने गया था।
जानकारी के अनुसार सहनीवाला निवासी मुकेश पुत्र बुधराम सांसी अपने परिवार के सदस्यों के साथ मृत पशु को ट्रैक्टर पर लादने के कार्य में जुटा हुआ था। बताया जा रहा है कि पशु को ट्रैक्टर पर चढ़ाने के बाद चालक ने अचानक क्लच छोड़ दिया, जिससे ट्रैक्टर आगे बढ़ गया।
इस दौरान ट्रैक्टर के पिछले टायर के पास खड़ा मुकेश उसकी चपेट में आ गया और ट्रैक्टर का पहिया उसके पेट के ऊपर गुजर गया। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल लूणकरणसर उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए बीकानेर पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और चिकित्सकों की निगरानी में बालक का उपचार जारी है।
