![]() |
| हज प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन |
हज प्रशिक्षण शिविर में हाजियों को मिली मुकम्मल रहनुमाई
उमरा व हज के तरीके पर विस्तार से दी गई जानकारी, सवाल-जवाब का भी रहा सिलसिला
बीकानेर, 08 फरवरी। जमीअत उलमा-ए-हिन्द शाखा बीकानेर की ओर से खड़गावतों के मोहल्ले में स्थित मदरसा तालीमुल इस्लाम, बीकानेर में हज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें हज पर जाने वाले हाजियों को जरूरी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत कर प्रशिक्षण से लाभ उठाया।
जमीअत उलमा-ए-हिंद शाखा बीकानेर के महासचिव मौलाना मोहम्मद इरशाद क़ासमी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान हाजी सैयद इंसाफ अली ने उमरा का मुकम्मल तरीका विस्तार से समझाया। वहीं हाजी जमील मुगल ने हाजियों के सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। जयपुर से तशरीफ लाए हाजी गुलाम रसूल ने हज के अरकान, अदायगी का सही तरीका और जरूरी मसाइल को आसान अंदाज़ में बताते हुए अमली तौर पर हज करने का तरीका सिखाया।
कार्यक्रम में मौजूद हाजियों ने इस प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताते हुए जमीअत उलमा-ए-हिन्द शाखा बीकानेर की इस पहल की सराहना की। अंत में सभी ट्रेनर्स और प्रतिभागियों का शुक्रिया अदा किया गया।
