JBN NEWS BIKANER

बीकानेर के डॉ. बाल किशन गुप्ता को एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड से किया सम्मानित

 

बीकानेर के डॉ. बाल किशन गुप्ता को एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड से किया सम्मानित
बीकानेर के डॉ. बाल किशन गुप्ता को एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड से किया सम्मानित

बीकानेर। अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस (ACP) की वार्षिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक इंदौर में किया गया। देशभर से चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने इसमें भाग लिया। कॉन्फ्रेंस के दौरान बीकानेर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बाल किशन गुप्ता को चिकित्सा शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कॉन्फ्रेंस में डॉ. गुप्ता ने “ऊपरी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रक्तस्राव (यूजीआई ब्लीड): जोखिम वर्गीकरण और प्रारंभिक प्रबंधन” विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने यूजीआई ब्लीड की गंभीरता, मरीजों में जोखिम के आकलन, प्रारंभिक स्तर पर आवश्यक चिकित्सकीय प्रबंधन तथा समय पर उपचार शुरू करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. गुप्ता ने कॉन्फ्रेंस में मानव शरीर के आकार, वजन, अनुपात एवं शारीरिक संरचना का ब्लड प्रेशर से संबंध विषय पर भी अपना शोध प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शरीर की विभिन्न संरचनात्मक विशेषताओं और ब्लड प्रेशर के बीच संबंध को समझना मरीजों के जोखिम आकलन और बेहतर चिकित्सा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है।

इसके अलावा उन्होंने मधुमेह (शुगर) से पीड़ित मरीजों में ब्लड प्रेशर की व्यापकता तथा ब्लड प्रेशर के नियंत्रण में नहीं रहने के कारणों पर भी अपना शोध प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में मधुमेह के मरीजों में उच्च रक्तचाप की समस्या, इसके नियंत्रण से जुड़े विभिन्न कारकों तथा नियमित निगरानी और प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

कॉन्फ्रेंस में डॉ. गुप्ता के व्याख्यान और शोध प्रस्तुतियों को चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण माना। एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर बीकानेर के चिकित्सा जगत और उनके परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे शहर के लिए गौरव का विषय बताया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.