![]() |
| राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील का दो दिवसीय शैक्षिक सम्मेलन 18-19 सितंबर को |
बीकानेर, 15 सितंबर 2026। राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील की ओर से दो दिवसीय जिला शैक्षिक सम्मेलन का आयोजन 18 एवं 19 सितंबर 2026 को गंगाराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भुट्टो का चौराहा, गजनेर रोड, बीकानेर में किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष आनंद पारीक ने बताया कि सम्मेलन में शिक्षा के उन्नयन एवं नई शिक्षा नीति को लेकर गहन चिंतन-मंथन किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का उद्घाटन 18 सितंबर को प्रातः 11 बजे होगा।
प्रदेश प्रवक्ता यतीश वर्मा ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक शिक्षकों से भागीदारी की अपील की।
प्रदेश सलाहकार मंडल अध्यक्ष सुभाष आचार्य एवं प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री भंगा सिंह यादव ने बताया कि सम्मेलन में सार्वजनिक शिक्षा को मजबूत करने, शिक्षकों के समक्ष मौजूद चुनौतियों तथा बदलते शैक्षिक परिवेश में युवा शिक्षकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
वहीं प्रदेश वरिष्ठ मंत्री गुलाबनाथ योगी एवं प्रदेश संयुक्त मंत्री नंद किशोर शर्मा ने बताया कि शिक्षकों को गैर-शैक्षिक कार्यों से मुक्त करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण सहित शिक्षकों की अन्य विभिन्न समस्याओं को सम्मेलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
