JBN NEWS BIKANER

पत्रकार पर जानलेवा हमला घर से घसीटकर लाठी- सरियों से पीटा

 

पत्रकार पर जानलेवा हमला  घर से घसीटकर लाठी- सरियों से पीटा
पत्रकार पर जानलेवा हमला  घर से घसीटकर लाठी- सरियों से पीटा


बीकानेर। बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में दैनिक भास्कर के

संवाददाता पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने, घर से घसीटकर मारपीट करने तथा ई-मित्र की नकदी व घड़ी छीनकर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवाद के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पांचू के सुथारों का आधूणा बास निवासी 56 वर्षीय छगनलाल पुत्र आसूराम सुथार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उनका 36 वर्षीय पुत्र जगदीश सुथार दैनिक भास्कर में संवाददाता के रूप में कार्य करता है। साथ ही गांव में ई-मित्र केंद्र का संचालन भी करता है। परिवादी ने आरोप लगाया कि गांव में निजी विद्यालय संचालित करने को लेकर पुरानी प्रतिस्पर्धा और रंजिश के चलते यह घटना हुई।

 रिपोर्ट के अनुसार पिछली गत 13 सितंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाबूलाल साहू, मुरली पुत्र रामरतन बोहरा, मनोज पुत्र चेतनराम साहू तथा जितेन्द्र पुत्र चेतनराम साहू उनके घर की गली में पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जगदीश को बाहर आने के लिए ललकारने लगे। आरोप है कि इसके बाद मनोज जबरन घर में घुसा और जगदीश का कॉलर पकड़कर उसे गली में घसीट लाया, जहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने लाठियों और लोहे के सरियों से हमला कर दिया।

परिवादी ने आरोप लगाया कि बाबूलाल ने लोहे के सरिये से सिर पर वार किया, जिससे बचाव करते समय जगदीश के हाथ पर गंभीर चोट लगी और हाथ टूट गया। आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसके शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जगदीश की जेब में रखे ई-मित्र केंद्र के 67 हजार 500 रुपये तथा उसकी हाथ घड़ी भी निकाल ली। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकियां देते हुए मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए।

 घटना के बाद गंभीर रूप से घायल जगदीश को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिवादी ने बताया कि पुत्र के उपचार में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में एक दिन की देरी हुई। पांचू थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिसकी जांच उपनिरीक्षक रामनिवास को सौंपी गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.