![]() |
| अवैध पिस्तौल रखने के मामले में अक्षय कुमार गिरफ्तार |
हथियार बरामदगी को लेकर जांच जारी
बीकानेर। अवैध हथियारों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले की खाजूवाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद कर उसे जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में खाजूवाला वृत्ताधिकारी के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी खाजूवाला अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने वार्ड नंबर 23, खाजूवाला निवासी अक्षय कुमार पुत्र देवानंद, उम्र 25 वर्ष को खाजूवाला से बीकानेर जाने वाली सड़क पर बंद राठी फैक्ट्री के पास रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खाजूवाला थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी अक्षय कुमार से गहनता से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके पास अवैध हथियार कहां से आया और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
कार्रवाई में पुलिस टीम के कोहर सिंह उप निरीक्षक, श्रवण राम सउनि, बजरंग यादव कांस्टेबल, विक्रम पाल कांस्टेबल और प्रेम कुमार कांस्टेबल शामिल रहे।
