सीएमएचओ ने किया शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण: भीषण गर्मी में हीटवेव प्रबंधन और घर-घर एचपीवी टीकाकरण जागरूकता पर दिया जोर

 

सीएमएचओ ने किया शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण: भीषण गर्मी में हीटवेव प्रबंधन और घर-घर एचपीवी टीकाकरण जागरूकता पर दिया जोर
सीएमएचओ ने किया शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण: भीषण गर्मी में हीटवेव प्रबंधन और घर-घर एचपीवी टीकाकरण जागरूकता पर दिया जोर


बीकानेर, 3 जून। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बुधवार को शहरी कार्यक्रम अधिकारी नकुल सिंह शेखावत के साथ शहर के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया। इस दौरान टीम ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फोर्ट, बीछवाल, तिलक नगर तथा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुक्ताप्रसाद नगर का सघन भ्रमण किया।


मासिक लक्ष्यों के आधार पर प्रगति सुधारने के निर्देश:

निरीक्षण के दौरान डॉ. साध ने स्वास्थ्यकर्मियों से विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, लक्ष्य एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वार्षिक लक्ष्यों को मासिक स्तर पर विभाजित कर नियमित रूप से प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित समयावधि में सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों के लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त किए जा सकें।


भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पतालों में पुख्ता प्रबंध:

सीएमएचओ ने अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए लू एवं तापघात से संबंधित आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखा जाए। अस्पतालों में ठंडे पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल, कूलर एवं वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे ताकि मरीजों को परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी लू-तापघात प्रभावित मरीज के अस्पताल पहुंचने पर उसे तत्काल उपचार एवं राहत उपलब्ध कराई जाए।


स्कूलों में अवकाश के बीच एचपीवी टीकाकरण के लिए घर-घर जाकर काउंसलिंग :

महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए डॉ. साध ने एक महत्वपूर्ण रणनीति तय की। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण वर्तमान में विद्यालय बंद हैं, ऐसी स्थिति में आशा सहयोगिनियों, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर संपर्क किया जाए। किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को इस टीके के महत्व के प्रति जागरूक कर पात्र किशोरियों का अस्पताल पर अधिकाधिक टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।


भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा:

शहरी कार्यक्रम अधिकारी नकुल सिंह शेखावत ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फोर्ट की प्रभारी डॉ. रेखा रस्तोगी, बीछवाल के डॉ. प्रतीक, तिलक नगर की डॉ. कौशल्या स्वामी सहित संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.