![]() |
| सेरूणा थर्ड जीएसएस पर तीन दिन से ताला, ग्रामीणों का धरना |
बीकानेर। जसरासर क्षेत्र के सेरूणा थर्ड जीएसएस पर तीन दिन से ताला लगे होने और बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को जीएसएस परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 100 कुओं की बिजली सप्लाई प्रभावित है और पिछले तीन दिनों से वे लगातार जीएसएस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई कार्मिक मौके पर नहीं पहुंचा। सरपंच प्रतिनिधि रणवीर सिंह ने बताया कि जीएसएस पर नियुक्त कर्मचारियों की अनुपस्थिति से बिजली संबंधी आपात स्थिति में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि यह बिजाई का समय है और सिंचाई के लिए बिजली बेहद जरूरी है। सुनवाई नहीं होने पर ओमाराम खाती, लीलाधर कूकना, मुखराम गोदारा सहित कई किसान धरने पर बैठ गए। विभागीय अधिकारी सुशील छींपा ने बताया कि रात से सप्लाई बाधित है और वे मौके पर पहुंच रहे हैं। कर्मचारियों को भी तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
