![]() |
| रालोपा की बैठक में जनसमस्याओं पर मंथन, 15 जून को बीकानेर में होगा प्रदर्शन... |
बीकानेर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) की कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को डी-मार्ट के पास सागर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा सरकार द्वारा वापस लिए जाने के निर्णय की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 जून को बीकानेर जिला मुख्यालय पर हजारों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से बिजली एवं पानी की समस्याओं के समाधान, किसानों के फसल बीमा का बकाया क्लेम जारी करने, पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं को दूर करने, खाद्य एवं बीज घोटाले की जांच कराने तथा पुलिसकर्मी को गालियां देने वाले मंत्री की बर्खास्तगी की मांग उठाई जाएगी।
जिला संयोजक दानाराम घिंटाला ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में विजयपाल बेनीवाल, डॉ. विवेक माचरा, प्रभुदयाल गोदारा, तुलसीराम डूडी, धर्मवीर गोदारा, जावेद कायमखानी, कालूराम गोदारा, धनाराम फौजी, अंकित बिश्नोई, सुरेंद्र,गौरीशंकर तरड़, रामकुमार छतरगढ़, राजाराम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
