![]() |
| नोखा में बंद मकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी फुटैज में कैद हुए तीन संदिग्ध चोर |
बीकानेर। बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक अपने परिवार सहित बाहर गया हुआ था। इस संबंध में रोड़ा रोड निवासी ईश्वरलाल नाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि वह वर्तमान में बाहर कार्य करता है। पांच मई को वह मव पर ताला लगाकर परिवार सहित बैंगलोर चला गया था।
परिवादी ने बताया कि गत 25 मई को जब वह वापस घर लौटा मकान के ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने अपने भाई को बुलाकर घटना की जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार चोर घर से करीब आधा किलो चांदी के आभूषण, सोने की पांच अंगूठियां, सोने का ब्रेसलेट, नाक का गहना, सोने का सिक्का तथा नकदी और नए नोटों की गड्डियां चोरी कर ले गए।
परिवादी ने बताया कि घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर 15 मई की रात करीब 1 बजे के बाद तीन अज्ञात व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसते दिखाई दिए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
