![]() |
बीकानेर । बीकानेर जिले जसरासर क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। विद्युत उपखंड जसरासर क्षेत्र में सैकड़ों से अधिक बिजली पोल टूट जाने से कई गांवों में 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है। विद्युत विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
जसरासर सहायक अभियंता मुकेश कड़ेला ने बताया कि क्षेत्र में भी आंधी से व्यापक नुकसान हुआ है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 33 केवी एवं 11 केवी लाइनों के लगभग 90 विद्युत पोल टूट गए हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है।
स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग ने ठेकेदारों को तत्काल निर्देश जारी कर जसरासर क्षेत्र में दो विशेष टीमों को मरम्मत कार्य में लगाया है। टीमें क्षतिग्रस्त पोल बदलने और विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। विभाग का कहना है कि जल्द से जल्द सभी प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
आंधी के बाद जारी बिजली कटौती से ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और पोलों के पास न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत विभाग को दें।
