![]() |
बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट, लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने कर्मचारी को रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा, बेहोश कर दिया और उसे जबरन बाइक पर डालकर दूसरी जगह फेंक दिया।
आरोपियों ने पीडित की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी लूट लिया। मामले में पीडित के नियोक्ता ने जेएनवीसी थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में मातेश्वरी कॉलोनी, वैष्णो धाम मंदिर, जयपुर रोड निवासी दिनेश शर्मा पुत्र रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि उनके यहां पिछले छह वर्षों से हरीश वर्मा नामक युवक कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। पिछली 10 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे हरीश अपनी मोटरसाइकिल से व्यास कॉलोनी स्थित अमेरिकन शेक्स से खाना लेने गया था। वहां से करीब 9:45 बजे खाना लेकर वह सांगलपुरा की ओर लौट रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार हेमू सर्किल से आगे नवग्रह मंदिर के पास पीछे से बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक आए और उन्होंने हरीश की मोटरसाइकिल रुकवा ली। इसके बाद तीनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आरोप है कि बदमाश उसे जबरन अपनी बाइक पर डालकर मेडिकल चौराहे के पास ले गए और वहां घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। परिवाद में बताया गया है कि आरोपी हरीश की मोटरसाईकिल तथा उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर अपने साथ ले गए।
दिनेश शर्मा ने बताया कि रात करीब 12:45 बजे किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से उन्हें फोन कर सूचना दी गई कि उनका कर्मचारी घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, हरीश को संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसका उपचार करवाया। परिवादी ने पुलिस से वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने तथा लूट और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। जेएनवीसी थाना पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
