JBN NEWS BIKANER

बीकानेर एसपी की कार्रवाई, आरोपी की खोली हिस्ट्रीशीट

 

बीकानेर एसपी की कार्रवाई, आरोपी की खोली हिस्ट्रीशीट
बीकानेर एसपी की कार्रवाई, आरोपी की खोली हिस्ट्रीशीट


28 लाख की चोरी के मामले में दो फरार आरोपियों पर घोषित किया ईनाम


 बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए एक ओर नए हिस्ट्रीशीटर खोलने की कार्रवाई की है, वहीं दूसरी ओर 28 लाख रुपए की चोरी के चर्चित मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर नकद इनाम की घोषणा की है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार जिले में लगातार अपराध करने और आमजन में भय का वातावरण पैदा करने वाले अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में बीकानेर जिले के पुलिस थाना पांचू में एक नए हिस्ट्रीशीटर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।

पुलिस के अनुसार पांचू थाना क्षेत्र के कूदसु निवासी मनीष पुत्र भैराराम विश्नोई के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अपराधों में लगातार संलिप्तता को देखते हुए उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने का निर्णय लिया गया है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जा सके और भविष्य में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इसी के साथ पुलिस ने 28 लाख रुपए की चोरी के मामले में फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी इनाम घोषित किया है। यह मामला सदर थाना में दर्ज प्रकरण से संबंधित है। पुलिस के अनुसार राजविलास होटल में वेटर के रूप में कार्य करने वाले कर्मचारियों द्वारा 28 लाख रुपए की चोरी करने के मामले में दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। इनाम घोषित किए गए आरोपियों में पहला आरोपी जयप्रकाश मेहतो पुत्र राम मेहतो उर्फ रामचंद्र मेहतो है, जो बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के बेथा गांव का निवासी है। दूसरे आरोपी का नाम नितेश कुमार मेहतो है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव का रहने वाला है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कराने या उनकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले व्यक्ति को 10-10 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.