![]() |
> पाबू चौक स्थित हनुमान मंदिर में जोत के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने लगाई जयकारे के साथ धोक
गंगाशहर, 19 अक्टूबर। श्री सालासर बालाजी पैदल यात्री संघ, पाबू चौक, नई लाइन, गंगाशहर की ओर से सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को सायं 4:15 बजे सालासर बालाजी धाम के लिए 35वीं पैदल यात्रा रवाना हुई। यात्रा से पूर्व पाबू चौक स्थित हनुमान जी मंदिर में श्रद्धालुओं ने जोत के दर्शन कर बालाजी महाराज का आशीर्वाद लिया। इसके बाद भक्तिमय माहौल में जय श्रीराम और जय बालाजी के जयकारों के साथ पैदल यात्रियों ने सालासर धाम की ओर प्रस्थान किया।
संघ के मुकेश शर्मा ने बताया कि संघ की पैदल यात्रा का शुभारंभ वर्ष 1991 में हुआ था। निरंतर धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ यात्रा की परंपरा जारी है। वर्ष 2026 में संघ की यह 35वीं पैदल यात्रा है। प्रतिवर्ष श्रद्धालु उत्साह और भक्ति भाव से इस यात्रा में शामिल होकर सालासर बालाजी महाराज के दर्शन के लिए प्रस्थान करते हैं।
संघ के बालकिशन नाई ने बताया कि इस अवसर पर संघ के गणमान्य सदस्यों ने पैदल यात्रियों का स्वागत किया तथा उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। स्वागत करने वालों में मांगीलाल शर्मा, लिखमाराम सुथार, ताराचंद दर्जी, संपत माली, प्रहलाद जाट, मांगीलाल दर्जी, रामदेव जोशी, पवन शर्मा, हड़मान नाई, कृष्ण कुमार, टोडरमल जाट, दीपक दैया, जयकिशन सोनी, सीताराम उपाध्याय, ओमप्रकाश और दुलीचंद नाई सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
कमल मारू ने बताया की संघ की यह पैदल यात्रा गंगाशहर से रवाना होकर डूंगरगढ़, बीदासर, डूंगर बालाजी और सुजानगढ़ होते हुए 25 अक्टूबर 2026 को सालासर बालाजी धाम पहुंचेगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। संघ के सदस्यों ने बालाजी महाराज से सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
