JBN NEWS BIKANER

अहमद हारून कादरी की शाम संगीत प्रेमियों के नाम, गूंजे सदाबहार तराने

 

अहमद हारून कादरी की शाम संगीत प्रेमियों के नाम, गूंजे सदाबहार तराने
अहमद हारून कादरी की शाम संगीत प्रेमियों के नाम, गूंजे सदाबहार तराने

बीकानेर। अमन कला केंद्र के तत्वावधान में बीकानेर के जाने-माने गायक कलाकार एवं स्टार प्लस के कार्यक्रम ‘मेरी आवाज सुनो’ फेम अहमद हारून कादरी का फिल्मी गीतों पर आधारित एकल गायन कार्यक्रम स्थानीय महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अहमद हारून कादरी ने अपनी सुरीली आवाज में सदाबहार फिल्मी गीतों एवं गजलों की प्रस्तुतियां देकर संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

संस्था अध्यक्ष एम. रफीक कादरी एवं ख्वाजा हसन कादरी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता रईस अहमद कादरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एन.डी. रंगा, अध्यक्ष सखा संगम एवं रामरतन धारणिया ने संयुक्त रूप से की। वहीं भारत प्रकाश श्रीमाली एवं अब्दुल जब्बार कादरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

एकल गायन की इस विशेष संगीतमयी शाम में अहमद हारून कादरी ने भारतीय संगीत जगत के महान गायकों, गीतकारों एवं संगीतकारों को स्वरांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, मुकेश, तलत महमूद, हेमंत कुमार, महेंद्र कपूर, आशा भोसले, लता मंगेशकर और मन्ना डे जैसे महान गायकों के गाए लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए।

इसी क्रम में महान गीतकार हसरत जयपुरी, शैलेंद्र, शकील बदायूंनी, साहिर लुधियानवी, मजरूह सुल्तानपुरी, आनंद बख्शी एवं योगेश की रचनाओं को भी अपनी आवाज दी।

कार्यक्रम में शंकर-जयकिशन, ओ.पी. नैयर, नौशाद, कल्याणजी-आनंदजी, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल, एस.डी. बर्मन, खय्याम, चित्रगुप्त एवं आर.डी. बर्मन जैसे महान संगीतकारों की धुनों पर आधारित फिल्मी एवं गैर-फिल्मी गीतों तथा गजलों की प्रस्तुतियां दी गईं।

अहमद हारून कादरी की प्रस्तुतियों पर ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में मौजूद संगीत प्रेमियों ने सदाबहार गीतों का आनंद लेते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। पूरी शाम भारतीय फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर के महान कलाकारों की यादों और सुरों से सराबोर रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.