![]() |
| ACB का बड़ा एक्शन, बीज निगम निदेशक से जुड़े मामले में 1.30 करोड़ रुपये नकद बरामद |
बीकानेर। बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर विश्नोई और उसके रिश्तेदार स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लिया है। एसीबी ने लूणकरणसर में रोडवेज बस से सफर कर रहे स्वतंत्र ज्याणी के पास से 85 लाख रुपये नकद बरामद किए, जबकि श्रीगंगानगर स्थित जुगल किशोर विश्नोई के आवास पर छापेमारी में 45 लाख रुपये और मिले।
एसीबी के अनुसार अब तक कुल 1.30 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की जा चुकी है। प्रारंभिक जांच में मामला खाद-बीज से जुड़े मामलों में कथित रिश्वतखोरी, उगाही और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है। एक गुजरात आधारित कंपनी का नाम भी जांच में सामने आया है।
एडीएसपी आशीष कुमार ने बताया कि बरामद नकदी के स्रोत, बेनामी संपत्ति और आय से अधिक संपत्ति के एंगल से जांच जारी है। कार्रवाई डीजी एसीबी गोविंद गुप्ता के निर्देशन में की गई। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
