![]() |
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' से जुड़े अधिकारी पूर्ण गंभीरता से करें कार्य- जिला कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा |
बीकानेर, 3 जून। जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने कहा कि 5 से 20 जून तक आयोजित होने वाले 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' से जुड़े सभी विभाग पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें। यह सरकार का महत्वाकांक्षी अभियान है। इसमें किसी प्रकार की दिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला कलेक्टर ने मंगलवार को वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की तैयारी से जुड़े विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि मानसून के मध्यनजर वर्षा जल के अधिक से अधिक संग्रहण और जल स्रोतों के रखरखाव एवं स्वच्छता के दृष्टिकोण से यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। गंगा दशहरे के अवसर पर अभियान की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी विभागों की ओर से किए जाने वाले कार्यों का निर्धारण किया गया है। अधिकारी आपसी समन्वय रखते हुए यह कार्य समयबद्ध करना सुनिश्चित करें। जिला कलेक्टर ने वन, स्कूल शिक्षा, स्वायत्त शासन, राजीविका, जल संसाधन, ग्रामीण विकास और पंचायती राज, खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, ऊर्जा, पुलिस और जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि अभियान को पूर्ण उत्साह के साथ आयोजित किया जाए। ब्लॉक स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम हों। सभी कार्यक्रमों को बुधवार को अंतिम रूप दे दिया जाए। प्रत्येक कार्यालय द्वारा अपने कार्यालय में स्वच्छता की विभिन्न गतिविधियां आयोजित हों। पूरे अभियान में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत होगी। इससे जुड़ी तैयारियों को अविलंब अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों की रिपोर्टिंग निर्धारित फॉर्मेट में की जाए। उन्होंने प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों की तैयारियों के बारे में जाना। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।