![]() |
हसन अली गोरी के नेतृत्व में सीकर पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, सभापति खतीजा बानो एवं प्रदेश अध्यक्ष जीवन खां का किया इस्तकबाल
सीकर/बीकानेर। स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ, बीकानेर की कार्यकारिणी ने शहर जिला अध्यक्ष हसन अली गोरी के नेतृत्व में सीकर पहुंचकर नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति श्रीमती खतीजा बानो का नागरिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने सभापति खतीजा बानो एवं स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनाब जीवन खां का माला पहनाकर स्वागत किया तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती खतीजा बानो, स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनाब जीवन खां की धर्मपत्नी हैं। उनके सीकर नगर परिषद के सभापति पद पर निर्वाचित होने पर बीकानेर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर शहर जिला अध्यक्ष हसन अली गोरी ने कहा कि श्रीमती खतीजा बानो का सभापति पद पर निर्वाचित होना सीकर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में शहर के विकास, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष जनाब जीवन खां एवं सभापति श्रीमती खतीजा बानो ने बीकानेर से पहुंचे सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सोशल मीडिया प्रभारी सिकन्दर राठौड़ ने बताया कि बीकानेर कार्यकारिणी द्वारा सीकर पहुंचकर सभापति का सम्मान करना संगठनात्मक एकजुटता, आपसी सौहार्द और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम में स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ, बीकानेर के शहर जिला अध्यक्ष हसन अली गोरी, उपाध्यक्ष मेघराज सुथार, प्रवक्ता हरिकिशन जाट एवं उपाध्यक्ष मोहम्मद शाहिद लोहार मौजूद रहे इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने सभापति खतीजा बानो को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
