![]() |
एसपी मेडिकल कॉलेज में सुबह 11 बजे उद्घाटन, दो दिन स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों के समन्वय पर होगा मंथन
*बीकानेर, 23 अक्टूबर*। बीमारियों की रोकथाम, मृत्यु दर में कमी और आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ आज से बीकानेर में विचार-विमर्श करेंगे। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में 15वां वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन ‘राज आईएपीएसएम कॉन-26’ आयोजित होगा। दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा।
24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन की थीम ‘सीमाओं के पार जनस्वास्थ्य का एकीकरण’ रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सा, अनुसंधान, प्रशासन और नीति निर्माण से जुड़े प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जनस्वास्थ्य की चुनौतियों के साझा समाधान तलाशना है। इसमें 300 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आईएपीएसएम राजस्थान शाखा के अध्यक्ष एवं आईसीएमआर–एनआईएचआर, जोधपुर के निदेशक प्रो. डॉ. पंकज भारद्वाज होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसपी मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के पूर्व आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. बी. एल. व्यास उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के संरक्षक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार हैं।
इलाज के साथ रोकथाम और सामुदायिक स्वास्थ्य पर जोर
सम्मेलन में कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञों, मास्टर्स ऑफ पब्लिक हेल्थ से जुड़े प्रतिनिधियों, खाद्य निरीक्षकों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य प्रशासनिक अधिकारियों, आयुष संकाय सदस्यों, नीति निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। दो दिनों के संवाद में इस बात पर विशेष जोर रहेगा कि विभिन्न विभागों और संस्थाओं के समन्वय से बीमारियों का बोझ कैसे कम किया जाए तथा समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण को बेहतर कैसे बनाया जाए।
*शोध से स्वास्थ्य सेवाओं तक, व्यावहारिक उपयोगिता पर चर्चा
सम्मेलन की पूर्व निर्धारित कार्यशाला रूपरेखा में डेटा विश्लेषण, अनुसंधान पद्धति, गुणवत्तापूर्ण शोध पत्र लेखन, बेसिक लाइफ सपोर्ट और जीआईएस मैपिंग जैसे विषय शामिल किए गए हैं। इन विषयों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा वितरण और कम्युनिटी मेडिसिन अनुसंधान की महत्वपूर्ण विधियों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन का प्रावधान रखा गया है। सम्मेलन के वैज्ञानिक विमर्श में शोध और व्यावहारिक अनुभवों को जनस्वास्थ्य की जरूरतों से जोड़ने पर ध्यान केंद्रित रहेगा।
तीन शहरों के चिकित्सा संस्थानों का सहयोग
एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की मेजबानी में हो रहे इस आयोजन में डॉ. एस. एस. टांटिया मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, श्रीगंगानगर तथा बीवाईएम विकास भाम्भू राजकीय मेडिकल कॉलेज, हनुमानगढ़ सहयोगी संस्थान हैं। विभिन्न संस्थानों और क्षेत्रों की यह भागीदारी जनस्वास्थ्य से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में साझा संवाद का अवसर प्रदान करेगी।
