![]() |
| बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने जीएसएस पर किया धरना-प्रदर्शन |
विभाग ने पांच दिन में समस्या समाधान का दिया आश्वासन
बीकानेर। बीकानेर जिले में नोखा उपखंड के कक्कू एवं स्वरूपसर गांव सहित आसपास की सैकड़ों ढाणियों में पिछले काफी समय से चल रही बिजली की समस्या को लेकर शुक्रवार को गांव के लोगों का धैर्य टूट गया और दोनों गांवों के सड़कों ग्रामीणों ने कक्कू स्थित जीएसएस पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि कक्कू एवं स्वरूपसर गांव सहित आसपास की ढाणियों में कई बार लगातार दो-दो दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। जिसकी सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों के देने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ ओर लंबे समय तक बिजली नहीं आने से आमजन के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कक्कू गांव के फीडर में कुसू गांव का फीडर जोड़ दिए जाने के बाद बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। इसके चलते बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है तथा वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण ग्रामीणों के घरों में लगे विद्युत उपकरणों के खराब होने और जलने की समस्या भी सामने आ रही है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कक्कू फीडर को व्यवस्थित करने, लगातार हो रही ट्रिपिंग रोकने तथा गांव व ढाणियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
विभाग के अधिशाषी अभियंता नोखा एवं सहायक अभियंता पांचू ने ग्रामीणों से वार्ता की जिसके बाद पांच दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था से संबंधित समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। गांव के लोग कुसू फीडर को कक्कू फीडर से अलग करने की मांग कर रहे है।
प्रदर्शन के युवा नेता ओर पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि हिम्मताराम राहड़, स्वरूपसर के पूर्व सरपंच खीयाराम सियाग, एडवोकेट लेखराम चौहान, एडवोकेट धर्माराम राहड़, श्रवण चौहान, भोमाराम घंटीयाला, कक्कू उपसरपंच खाजू खां, गोविंदराम चौहान, खेराजराम राहड़, सत्तूराम प्रजापत, असलम भाटी, लेखराज फुलवारिया, खीयाराम बरोड़ वार्ड पंच, राजाराम अचारी, दुर्गाराम सोलंकी, नगाराम खोजा, पूरबाराम सारण, जगदीश नाई, जेठाराम सिंवर, राजूसिंह, हनुमान घंटियाला, गोपाल रैगर, लालचंद दर्जी, केशुसिंह सहित कक्कू एवं स्वरूपसर गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

