कच्ची बस्ती में एनीमिया जागरूकता एवं महिला स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित

 

कच्ची बस्ती में एनीमिया जागरूकता एवं महिला स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित

कच्ची बस्ती में एनीमिया जागरूकता एवं महिला स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित



बीकानेर। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा बीकानेर की ओर से 24 अगस्त को डी-मार्ट के पास स्थित कच्ची बस्ती में एनीमिया जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं संस्कार विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 40 से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य शाखा बीकानेर की महिला सहभागिता संयोजिका डॉ. विजयलक्ष्मी व्यास ने महिलाओं एवं बालिकाओं की क्लीनिकल जांच की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अधिकांश महिलाओं एवं बालिकाओं में खून की कमी के लक्षण पाए गए। उन्होंने आयरन की गोली अथवा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन की दवा नियमित लेने, संतुलित आहार ग्रहण करने तथा गुटखा आदि नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बालिकाएं भी कुपोषण और एनीमिया की समस्या से प्रभावित हो रही हैं, जिस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रांतीय प्रभारी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ श्रीमती मधुरिमा सिंह ने कहा कि बच्चों में संस्कारों की नींव परिवार से पड़ती है और माता-पिता बच्चों को अच्छे संस्कार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बालिकाओं को माता-पिता की सेवा करने, घरेलू कार्यों में सहयोग करने, विद्यालय में गुरुजनों का सम्मान करने तथा मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. अर्पिता गुप्ता ने बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से हाथ धोने, दांतों की साफ-सफाई करने तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजयलक्ष्मी व्यास की ओर से चॉकलेट तथा श्रीमती मधुरिमा सिंह द्वारा बिस्कुट के पैकेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती नेहा कपूर ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.