![]() |
बीकानेर।बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले में दो महिलाओं की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
प्रीति के बाद शारदा की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है और उन्हें बार-बार दौरे पड़ रहे हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार पांच प्रभावित महिलाओं में से एक की हालत में काफी सुधार हुआ है और उसे एक-दो दिन में डिस्चार्ज किया जा सकता है। वहीं गंभीर महिलाओं के परिजन अस्पताल में चिंतित और परेशान नजर आ रहे हैं।
जनाना वार्ड में भर्ती एक प्रसूता की दादी रत्तू देवी ने भावुक होकर कहा कि उनकी पोती पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में डिलीवरी के लिए अस्पताल आई थी, लेकिन अब उसकी हालत गंभीर हो गई है। परिजन डॉक्टरों और भगवान से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
ट्रॉमा सेंटर में फिर विवाद :- इधर पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मरीज पक्ष और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की जानकारी मांगने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार, धक्कामुक्की और हाथापाई की गई। साथ ही वीडियो रिकॉर्डिंग भी बंद करवाई गई।
घटना की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता रामनिवास कूकणा अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
