![]() |
| जिला कलेक्टर ने पूगल क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में किया हैंडपंप्स का निरीक्षण |
बीकानेर, 5 अप्रैल। ग्रीष्म ऋतु के दौरान जिले में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने रविवार को पूगल क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का सघन दौरा किया। श्री जैन ने हैंडपंप्स के सत्यापन और मरम्मत के लिए चलाए जा रहे 'विशेष अभियान' का अवलोकन किया।
जिला कलेक्टर ने आरडी 682, 14 एडी स्थित राजकीय विद्यालय, भंडेरवाला ढाणी और कुम्हारवाला की तीन अलग-अलग ढाणियों में हैंडपंप्स की क्रियाशीलता को जांचा। जिला कलेक्टर ने हैंडपंप चलाकर पानी की उपलब्धता और गुणवत्ता को देखा।
*बंद पड़े हैंडपंप्स तत्काल करें दुरुस्त*
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि जिले के समस्त हैंडपंप्स का सर्वे करते हुए खराब या बंद पड़े हैंडपंप्स को 'टॉप प्रायोरिटी' पर ठीक करवाएं। गर्मी के दौरान एक भी हैंडपंप बंद नहीं रहे और दूरस्थ ढाणियों में पेयजल की समस्या ना हो। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित तकनीकी अधिकारी फील्ड में कार्य संपादित करवाएं। किसी स्तर पर लापरवाही नहीं हो, अन्यथा संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कुम्हारवाला में एक हैंडपंप बंद पाया गया। जिला कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया और इसे अविलंब ठीक करवाने के निर्देश दिए। जिसकी अनुपालना में विभागीय टीम द्वारा रविवार को ही यह हैंडपंप दुरस्त करवा दिया गया।
इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, तहसीलदार श्री अशोक पारीक, विकास अधिकारी श्री गोपाराम, जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता श्री धर्मेंद्र कुमावत, श्री आदित्य श्रीमाली सहित अन्य तकनीकी कार्मिक मौजूद रहे।



