![]() |
आज पूर्व विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक बी.सी. घीया से मुलाकात कर उम्हे ज्ञापन सौंपा।और अस्पताल में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं, साफ-सफाई की खराब स्थिति तथा मरीजों को हो रही परेशानियों पर तत्काल सुधार की मांग की गई।
प्रवक्ता विकास तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि पीबीएम अस्पताल एवं सुपर स्पेशलिटी सेंटर की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का अभाव स्पष्ट नजर आ रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।
यशपाल गहलोत ने पीबीएम अधीक्षक बी सी घीया को बताया की पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा शुरू की गई निशुल्क दवा एवं जांच योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। कई मामलों में मरीजों को निजी लैब और मेडिकल स्टोर्स की ओर भेजा जा रहा है, मरीजों को समय पर दवाइयां नहीं मिल रही हैं, आवश्यक जांचें बाहर करवाई जा रही हैं जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारियों की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, साथ ही कुछ जगह मरीजों के साथ असंतोषजनक व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं।
यशपाल गहलोत ने पीबीएम अधीक्षक को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए यशपाल गहलोत ने बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याओं की ओर ध्यान देना बंद कर दिया है। पीबीएम अस्पताल की बदहाल स्थिति से उनका कोई लेना-देना नजर नहीं आता, जबकि यह अस्पताल पूरे संभाग के लिए जीवनरेखा है।
कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में पीसीसी महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, पूर्व नेता प्रतिपक्ष जावेद पडियार, उपाध्यक्ष टिंकू भाटी, साजिद सुलेमानी, दिलीप बठिया, विकास तंवर, विक्की चड्ढा, राहुल जादुसंगत, मनोज किराडू, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर, शहजाद भुट्टो, अकबर खादी, महेंद्र देवड़ा, नंदलाल गहलोत, गौरी शंकर गहलोत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
